राजसमंद झील की नौ चौकी पाल पर चला क्लीन कैंपेन:कलेक्टर ने श्रमदान किया, लोगों की समस्याएं भी सुनीं, समाधान के निर्देश दिए

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर रविवार को राजसमंद झील की नौ चौकी पाल पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने श्रमदान किया। स्वच्छता अभियान के दौरान कलेक्टर हसीजा ने वहां मौजूद नागरिकों और सफाई कर्मियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं। इसी दौरान एक महिला सफाई कर्मी ने उन्हें बताया कि उसकी एकल नारी सम्मान पेंशन पिछले चार माह से बंद है, जिससे उसे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर हसीजा ने मौके पर ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक से फोन पर बात की और संबंधित पेंशन प्रकरण की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरण का शीघ्र समाधान कर महिला को तुरंत राहत देने के निर्देश दिए। कलेक्टर की इस त्वरित कार्रवाई से महिला सफाई कर्मी सहित मौके पर उपस्थित लोगों ने संतोष और आभार व्यक्त किया। इसके अलावा कलेक्टर ने अन्य नागरिकों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा और हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *