राजसमंद में खमनोर पुलिस ने नकबजन गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वही एक नाबालिग को डिटेन भी किया। आरोपियों ने 1 दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया। खमनोर पुलिस थाना इंचार्ज शैतान सिंह नाथावत के अनुसार गत 3 मार्च को प्रार्थी इंद्रसिंह (40) पुत्र डूंगर सिंह निवासी बिल्ली की भागल, फतेहपुर ने पुलिस थाने पर रिपोर्ट दी जिसमें बताया कि गत 14 फरवरी को घर के सभी जने भतीजी की शादी में गए हुए थे। वापस आकर जब देखा तो घर के गेट टूटे हुए मिले व उनके दोस्त की बाइक जो उनके घर पर रखी हुई थी वो भी नहीं मिली। बाद में घर की तलाशी करने पर मालूम पड़ा कि घर से चांदी के 10 सिक्के, मोबाइल गायब मिला। साथ ही बाइक भी घर के पास जली हुई अवस्था में मिली जो कि 70 हजार रूपए की थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर टीम का गठन करते हुए अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की टीम ने तकनीकी आधार व मुखबीर की सूचना पर 3 संदिग्ध रमेश (20) पुत्र भुवनाराम गमेती, भैराराम (24) पुत्र मोवनाराम गमेती व कुशाराम उर्फ श्रवण (18) पुत्र हुरमाराम गमेती व एक नाबालिग को डिटेन कर पूछताछ की।
जिसके बाद तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। इसके अलावा आरोपियों ने पाली, राजसमंद व उदयपुर में एक दर्जन वारदाते कबूल की है। पुलिस को इस मामले में ओर भी आरोपियों की तलाश है।


