राजसमंद जिले के उदयपुर बॉर्डर क्षेत्र स्थित मोहनपुरा गांव में शनिवार सुबह एक 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। खेत के पास अजगर ने नीलगाय के बच्चे का शिकार कर लिया था। इस दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। जानकारी के अनुसार, अजगर ने नीलगाय के बच्चे को निगलने की कोशिश की थी, लेकिन कुछ देर बाद उसने उसे बाहर उगल दिया। तब तक नीलगाय के बच्चे की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तुरंत वन्यजीव प्रेमी नवीन गहलोत को सूचना दी। नवीन गहलोत अपनी टीम के सदस्यों युधिष्ठिर, महिपाल सिंह राणावत और भरतदास के साथ मौके पर पहुंचे। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया। गहलोत ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने अजगर को नुकसान पहुंचाने के बजाय रेस्क्यू टीम को बुलाया, जिससे उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा जा सका।


