राजसमंद में कुंवारिया पुलिस फायरिंग रेंज पर सालाना फायरिंग अभ्यास का आयोजन किया गया। जिसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सधे हुए निशानों के साथ अपनी दक्षता बताई। एसपी ममता गुप्ता के निर्देशन और फायरिंग बट इंचार्ज कानसिंह के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभ्यास में प्रतिभागियों ने विभिन्न आधुनिक हथियारों से राउंड फायर किए। ASI के 10 में से 8 निशाने लगे थाना अधिकारी उदयलाल बरगट ने पिस्तौल से 10 राउंड फायर किए, जिनमें दो गोलियां लक्ष्य पर सटीक बैठीं। एएसआई कमलेंद्र सिंह ने 10 में से 8 निशाने साधकर बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं एएसआई शंकर सिंह और रामचंद्र चौधरी ने भी डमी पर बेहतरीन निशाने लगाए। SLR और इंसास से की फायरिंग अभ्यास में अधिकारियों ने पिस्तौल जबकि कर्मचारियों ने एसएलआर, इंसास, एमपी-5, जेवीपीसी पिस्टल 9 एमएम और 12 बोर पंप एक्शन गन से फायरिंग की। प्रतिभागियों को लेटकर, बैठकर, खड़े होकर तथा श्वास नियंत्रित कर फायर करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही हथियारों की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी जानकारी दी गई। अपराधियों से प्रभावी निपटने के उद्देश्य से किए गए इस अभ्यास के दौरान फायरिंग रेंज गोलियों की आवाज से गूंजती रही। मौके पर कानसिंह, कोत कमांडर सैमुअल मसीह सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


