जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (JIFF) के 17वें संस्करण में राजस्थानी सिनेमा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस बार राजस्थान की 21 फिल्मों ने विभिन्न श्रेणियों में नामांकन पाया है, जो राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और सिनेमाई प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करती हैं। फेस्टिवल में 9 शॉर्ट फिक्शन, 7 फीचर फिक्शन, 2 मोबाइल शॉर्ट फिल्म, 2 म्यूजिकल एल्बम और 1 एनिमेशन फिल्म को शामिल किया गया है। फीचर फिक्शन: राजस्थानी सिनेमा का विविधता भरा प्रदर्शन फीचर फिक्शन श्रेणी में नामांकित फिल्में राजस्थान की भूमि, संस्कृति और लोगों के जीवन को बखूबी दर्शाती है। इनमें प्रमुख रूप से ‘शांति निकेतन’ (दीपांकर प्रकाश, फैमिली ड्रामा), ‘भरखमा’ (एस सागर, रोमांटिक एक्शन), ‘म्हारी बिंदनी’ (धर्मेंद्र उपाध्याय, सोशल ड्रामा), ‘जंगल घोस्ट’ (अमित कुमार, हॉरर), ‘सपना एक उड़ान’ (मनोज फोगाट, वुमन एम्पावरमेंट), ‘काश’ (सुदीप प्रतिहार, सोशल कमेंट्री), ‘छूमंतर’ (हेमंत सीरवी, मोटिवेशनल ड्रामा) के नाम शामिल हैं। राजस्थानी शॉर्ट फिक्शन में विविध विषयों को दर्शाती फिल्में शामिल हैं, जिनमें ‘आनार दाना’ (निशी दुगर), ‘फट्टा’ (लोकेश मेनारिया), ‘पेप्सी वाला हीरो’ (दानिश खान), ‘कर्म का फल’ (संजीव कुमार शर्मा), ‘द फर्स्ट ब्रेक’ (अभिमन्यु कनोडिया), ‘एहसास’ (आयुष सिंह राजपूत), ‘प्लान-एट’ (लोमहर्ष), ‘द लास्ट रायट’ (दर्शन दवे), ‘फर्ज’ (आसीम कौशिक) के नाम शामिल है। भारतीय और विदेशी फिल्मों का जलवा फेस्टिवल फाउंडर हनुरोज ने बताया- भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों ने भी JIFF 2025 में अपनी जगह बनाई है। प्रमुख नामांकन में जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर स्टारर ‘देवरा’, विष्णु और दक्षा नागरकर की ‘स्वैग’, ‘रजाकार’ (राज अर्जुन और अनसूया भारद्वाज स्टारर), ‘टावर ऑफ स्ट्रेंथ’ (मोंटेनेग्रो, क्रोएशिया, सर्बिया, जर्मनी से निकोला वुक्सेविक द्वारा निर्देशित) के नाम शामिल है। फेस्टिवल का आयोजन 17 से 21 जनवरी 2025 के बीच किया जाएगा। इस बार यह राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, आईनॉक्स जीटी सेंट्रल, जयपुर की पांच स्क्रीन, सिनेमा ऑन व्हील्स की दो स्क्रीन, राजस्थान प्रौढ़ शिक्षण समिति पर आयोजित होगा।


