राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में चल रहे सियासी विवाद के बीच एक बार फिर सरकार ने मौजूदा एडहॉक कमेटी के कार्यकाल को 3 महीने और बढ़ा दिया है। राजस्थान सरकार द्वारा गठित RCA एडहॉक कमेटी में जहां बीजेपी विधायक और श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष जयदीप बिहाणी को एक बार फिर से एडहॉक कमेटी का संयोजक बनाया गया है। उनके साथ कमेटी में सदस्य नागौर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष धनंजय सिंह खींवसर, पाली जिला क्रिकेट संघ के सचिव धर्मवीर सिंह, झुंझुनूं जिला क्रिकेट संघ के सचिव हरिशचंद्र सिंह, बीकानेर जिला क्रिकेट संघ के सचिव रतन सिंह शेखावत और जैसलमेर जिला क्रिकेट संघ के सचिव विमल शर्मा को कमेटी का सदस्य बनाया गया है। ऐसे में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव के लिए जिला संघों को अब थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। इससे पहले गुरुवार को हेल्थ मिनिस्टर गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह ने एडहॉक कमेटी पर मनमानी, सदस्यों से चर्चा नहीं करने और खिलाड़ियों के सिलेक्शन में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। जिस पर पलटवार करते हुए एडहॉक कमेटी के संयोजक (कन्वीनर) बीजेपी विधायक जयदीप बिहाणी ने धनंजय सिंह को वीआईपी बताते हुए उन्हें संयोजक नहीं बनाए जाने की वजह से बेवजह विवाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा- कन्वीनर नहीं बनाए जाने की वजह से उनके पेट में दर्द होने की बात कही थी। अब एक बार फिर से सरकार ने दोनों एक एक साथ एडहॉक कमेटी में नियुक्ति दी है। 28 मार्च को एडहॉक कमेटी का गठन किया था दरअसल, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की कार्यकारिणी को भंग कर सरकार ने 28 मार्च के दिन एडहॉक कमेटी का गठन किया था। इसे 3 महीने में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। 9 महीने बाद भी सरकार द्वारा गठित की गई एडहॉक कमेटी राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव नहीं करा पाई है। इसके बाद एडहॉक कमेटी के संयोजक जयदीप बिहाणी ने रजिस्ट्रार को लेटर लिख मौजूदा हालत का हवाला देकर RCA चुनाव के लिए कमेटी के कार्यकाल को बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद सहकारिता विभाग ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी के कार्यकाल को 3 महीने के लिए बढ़ा दिया है। ऐसे में अपने तीन कार्यकाल में चुनाव कराने में फेल हुई मौजूदा एडहॉक कमेटी को अब मार्च तक राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के लंबित चल रहे चुनाव करने की जिम्मेदारी दी गई है।


