राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से सोमवार को अध्यापक भर्ती लेवल -2 में दो विषयों की परीक्षा आयोजित हुई। पहली पारी में अंग्रेजी और दूसरी में हिंदी विषय की परीक्षा हुई। पूरी जांच पड़ताल के बाद अभ्यर्थियों काे परीक्षा केंद्रों पर एंट्री दी गई। 14 जिलों में हुई परीक्षा में हिंदी विषय में 88.03 % और अंग्रेजी की परीक्षा में 90.5% उपस्थिति रही। हिंदी में सबसे ज्यादा उपस्थिति बाड़मेर में 96.38 प्रतिशत रही। वहीं सबसे कम 81.75% अभ्यर्थी अजमेर में परीक्षा देने अाए। हिंदी में सोमवार काे 14 जिलों में 1,73,291 अभ्यर्थियों में से 1,52,552 उपस्थित रहे, वहीं 20,739 अभ्यर्थी अनुपस्थित थे। अंग्रेजी विषय में सबसे ज्यादा उपस्थिति बांसवाड़ा में 97.02 प्रतिशत रही। अंग्रेजी में 53,082 अभ्यर्थियों में से 48,041 उपस्थित रहे, 5041 अनुपस्थित। आज अंतिम दिन 20 जनवरी काे पहली पारी में संस्कृत शिक्षा लेवल वन की परीक्षा हाेगी और दूसरी पारी में लेवल टू संस्कृत की परीक्षा हाेगी। गौरतलब है कि इस भर्ती में कुल 7759 पद हैं। इसमें लेवल वन में 5636 और लेवल टू में 2123 पद हैं। परीक्षा का आयोजन जयपुर, अजमेर, अलवर, बांसवाडा, बारां, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर और उदयपुर जिलों में हाे रहा है।


