सलूंबर में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में नगर परिषद द्वारा स्वच्छता नागरिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर परिषद परिसर के समीप रामबोला मंदिर पर संपन्न हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के महत्व, व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामुदायिक स्तर पर स्वच्छ व्यवहार अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। साथ ही कचरा पृथक्करण की जानकारी देते हुए प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के लिए कागज व कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश पाटीदार ने इस अवसर पर कहा कि रोजमर्रा के उपयोग में प्लास्टिक से दूरी बनाना आवश्यक है। उन्होंने प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया और स्वच्छ जीवनशैली पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया, एसीईओ दिनेश पाटीदार, नगर परिषद आयुक्त गणपत लाल खटीक, जनप्रतिनिधि, जिला परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता कर्मी सहित आम नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वच्छता को हर नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए स्वच्छ व स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत साफ-सफाई अभियान, जन-जागरूकता संवाद, पोस्टर प्रदर्शनी और शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता से जुड़ी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात “नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” विषय पर एक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई, जो आकर्षण का केंद्र रही। आयुक्त गणपत लाल खटीक ने बताया कि ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों से स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी और नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ सलूंबर जिले का निर्माण संभव होगा।


