अजमेर में राजकुमारों के लिए खोले गए स्कूल मेयो कॉलेज को 150 साल पूरे हो गए हैं। रॉयल लुक और महल की तरह बना यह स्कूल तकनीक के मामले में भी आगे है। यहां एडवांस AI लैब बनाई गई है। करीब 7 करोड़ की इस लैब का खर्च मेयो कॉलेज के ही पूर्व स्टूडेंट ने उठाया है। इस लैब में बच्चे मानव जैसा रोबोट बनाना सीखेंगे। इसका GPU बेस सर्वर होगा। थ्री डी प्रिंटर सहित कई खास व्यवस्थाएं होंगी। इसका पूरा भवन सोलर एनर्जी पर काम करेगा। इसमें ऐसे खास इंतजाम किए हैं कि बिजली की 46% तक बचत होगी। मेयो कॉलेज के प्रिंसिपल सौरव सिन्हा ने बताया- यहां एआई लैब पहले से संचालित है। इसका उद्घाटन 6 अप्रैल 2023 को पूर्व स्टूडेंट दीप कपूरिया ने किया था। मेयो कॉलेज अजमेर की ह्यूमन सेंट्रिक रोबोटिक्स एंड एआई लैब को इंडियन ग्रीन काउंसिल की ओर से प्लेटिनम सर्टिफिकेट प्रदान किया है। अब इसको अपग्रेड किया जा रहा है। एआई लैब में ये होगा खास…. एआई, मेटावर्स और थ्री डी प्रिटिंग पर काम कर रहे 125 बच्चे एक साथ पढ़ सकेंगे
मेयो कॉलेज के कंप्यूटर साइंस व आईटी के हेड डॉ. आशीष वशिष्ठ ने बताया- इस भवन में तीन स्टूडियो बनाए गए हैं। यहां पर एक साथ करीब 125 बच्चे पढ़ सकेंगे। भवन में कंप्यूटर, हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, टूल्स , एआई मॉडल्स, रिसर्च पेपर, डॉक्यूमेंटेशन, कोलेबोरेशन टूल्स, सिम्युलेशन और टेस्टिंग एन्वायर्नमेंट होगा। लैब के लिए पूर्व स्टूडेंट ने दिया आर्थिक सहयोग
हाइटेक ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन दीप कपूरिया के आर्थिक सहयोग से इस एआई लैब के भवन और इन्फ्रास्ट्रक्चर को तैयार किया गया है। कपूरिया 1965 बैच के स्टूडेंट रहे हैं। नंदन नीलेकणि करेंगे उद्घाटन
मेयो कॉलेज की इस एआई लैब का 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे उद्घाटन होगा। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। उद्घाटन इन्फोसिस के को-फाउंडर नंदन नीलेकणि करेंगे। लैब का संचालन करने के लिए स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया गया है। इसमें दीप कपूरिया के साथ जयदीप सिंह, जयदीप सामर्थ, केसी शर्मा और शरद भंडारी को शामिल किया गया है। सबसे अच्छे प्रोजेक्ट पर अवॉर्ड
मेयो कॉलेज में स्टूडेंट्स को प्रोत्साहित करने के लिए कपूरिया अवॉर्ड फॉर इनोवेशन एक्सीलेंस (काइजन) घोषित किया है। जो स्टूडेंट सबसे अच्छा प्रोजेक्ट बनाते हैं, उनको यह अवॉर्ड दिया जाता है। इसमें ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र होता है। सोलर एनर्जी से संचालित होगी लैब
मेयो कॉलेज के कंप्यूटर साइंस व आईटी के हेड डॉ. आशीष वशिष्ठ ने बताया- एआई लैब का पूरा भवन सोलर एनर्जी पर रन करेगा। भवन खास तरह से डिजाइन किया गया है, जिससे 46 प्रतिशत बिजली की बचत भी होगी। इसमें खास तौर पर तापमान मेंटेन रखने के लिए दीवारों की मोटाई और आसपास में ग्रीनरी विकसित करने पर ध्यान दिया गया है। लाइम स्टोन का उपयोग भी भवन निर्माण में किया गया है। लैब को स्थापित करने के ये 2 मुख्य उद्देश्य
डॉ. आशीष वशिष्ठ ने बताया- लैब स्थापित करने का उद्देश्य है कि स्टूडेंट्स एआई का सही तरीके से इस्तेमाल करें। टेक्नॉलॉजी का यूज करने के साथ ही टेक्नॉलॉजी क्रिएटर बन सकें। रियल वर्ल्ड प्रॉब्लम भी सॉल्व कर सकें। यूएन ने 17 सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल सुनिश्चित किए हैं। हमारी कोशिश है कि स्टूडेंट्स इसका सॉल्यूशन ढूंढ पाएं। इसके लिए कैसे रिसर्च करें, इस पर फोकस रहता है। … मेयो कॉलेज के 150 साल…सीरीज का पार्ट-1 और पार्ट-2 भी पढ़िए 1. अजमेर में खोला था राजकुमारों के लिए महल जैसा स्कूल:जिसने सपना देखा, उनका मर्डर; जानें- 150वां बर्थडे मना रहे मेयो कॉलेज में क्या है खास, पार्ट-1 अजमेर का मेयो कॉलेज भारत का सबसे रॉयल स्कूल माना जाता है। देश के सबसे महंगे स्कूलों में से एक मेयो 150 साल का हो गया है। ये स्कूल एजुकेशन स्टैंडर्ड के साथ यहां से पढ़े फेमस एल्युमिनाई (छात्र) के लिए भी पहचान रखता है। (पूरी खबर पढें) 2. राजकुमारों का स्कूल, अंग्रेजों ने नहीं बनने दिया मंदिर:चप्पल पहनने की भी इजाजत नहीं थी, पहला स्टूडेंट हाथी-घोड़े-टाइगर लेकर पहुंचा,पार्ट-2 राजस्थान का एक ऐसा शाही कॉलेज, जिसमें एक जमाने में स्टूडेंट भी राजशाही होते थे। अब यह कॉलेज 150 साल का हो गया है। इस कॉलेज का पहला स्टूडेंट तो अपने साथ हाथी, घोड़े, ऊंट, पालकी और टाइगर तक लेकर आया था। कॉलेज के कई किस्से चर्चित हैं। (पूरी खबर पढ़ें)


