राजस्थान में इस बार 68 फीसदी ज्यादा बारिश के बाद अब मानसून की विदाई चल रही है। मंगलवार को 10 जिलों से मानसून की विदा हो गया। इनमें हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, अजमेर, पाली, जालोर, बाड़मेर, सीकर और सिरोही जिले के कुछ इलाके शामिल है। इससे पहले 14 सितंबर को जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर से मानसून की विदाई हो गई थी, इसमें जोधपुर के कुछ हिस्से भी शामिल थे। इधर, प्रदेश में बारिश का दौर थमने के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। सोमवार को राज्य के कई शहरों में दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर, जबकि सबसे कम तापमान सिरोही जिले में दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 18 सितंबर से 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को श्रीगंगानगर रहा सबसे ज्यादा गर्म
पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के लगभग सभी शहरों में मौसम ड्राय रहा। जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर, भरतपुर, श्रीगंगानगर, उदयपुर समेत कई शहरों में दिन में तेज धूप रही। श्रीगंगानगर में सोमवार को दिन में सबसे ज्यादा गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। चूरू में सोमवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 36, फलोदी में 35.6, हनुमानगढ़ में 36.4, दौसा में 35.2, झुंझुनूं में 35, बाड़मेर में 35.4, चित्तौड़गढ़ में 35.8, पिलानी में 36.5, अलवर में 36.6, जयपुर में 35, सीकर में 34.5, कोटा में 34.7, अजमेर में 33.4, भीलवाड़ा में 33.7, जैसलमेर में 34.4, जोधपुर में 33.4, जालोर में 32.1 और करौली में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


