राजस्थान की अंडर-15 गर्ल्स टीम ने लगातार दूसरा मैच जीत लिया है। रविवार को कोलकाता में खेले गए वनडे मैच में राजस्थान टीम ने असम को एकतरफा मुकाबले में 9 विकेट से पराजित किया। असम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 26.1 ओवर में मात्र 66 रन बनाए। राजस्थान की ओर से आरती, रोशेल यादव और कप्तान माहिरा खान ने 2-2 जबकि खुशी नाथ ने एक विकेट लिया। असम की तीन बल्लेबाज रनआउट हुईं। सानवी जैन ने 19 रन बनाए। राजस्थान ने 12.5 ओवर में ही 1 विकेट पर 69 रन बना मैच जीत लिया। काव्या बिश्नोई ने 27 रन बनाए। सारिका सोनी 38 रन पर नाबाद रहीं। 2 जनवरी को खेले गए मैच में राजस्थान टीम ने मणिपुर को 8 विकेट से पराजित किया। मंगलवार को राजस्थान का मुकाबला उत्तर प्रदेश से होगा। उत्तर प्रदेश पहला मैच कर्नाटक से हार गई थी जबकि उसने दूसरे मैच में मणिपुर को पराजित किया था। लेकिन दोनों हाई स्कोरिंग मैच थे। इसलिए उत्तर प्रदेश और राजस्थान का मुकाबला रोमांचक होने वाला है।


