नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। पूर्व मंत्री महेश जोशी को 900 करोड़ के JJM घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. पूर्व मंत्री महेश जोशी को सुप्रीम कोर्ट से जमानत
पूर्व मंत्री महेश जोशी को जल जीवन मिशन घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। जयपुर सेंट्रल जेल में बंद जोशी करीब 7 महीने बाद बाहर आए। कोर्ट ने 21 नवंबर को सुनवाई में उनकी जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया था। पूरी खबर पढ़ें 2. स्कूल बस में ठूंस-ठूंस कर भरे बच्चे, जज भड़कीं
बाड़मेर में विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्णा गुप्ता ने प्राइवेट स्कूलों की बसों का निरीक्षण किया। डेजी डेंस स्कूल की बस में बच्चे ठूंस-ठूंस कर बैठाए गए थे, इस पर जज भड़क गईं। उन्होंने कहा- यह क्या जानवर हैं, जो इस तरीके से ठूंस दिया। पूरी खबर पढ़ें 3. कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय जयपुर में करेंगे शादी
वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय 5 दिसंबर को जयपुर में शादी करेंगे। वे होटल ताज आमेर में देशभर के साधु-संतों की मौजूदगी में हरियाणा की शिप्रा के साथ सात फेरे लेंगे। 5 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक फेरे होंगे। पूरी खबर पढ़ें 4. अजमेर में बिजनेसमैन को धमकी, 2 करोड़ मांगे
अजमेर के बिजनेसमैन को धमकी देते हुए 2 करोड़ रुपए मांगे गए हैं। बदमाश ने बाकायदा वॉट्सऐप मैसेज कर यह डिमांड की है। उसने लिखा है- फोन कॉल नहीं करेंगे, सीधा आपके सीने में गोली मारेंगे। अगर इसको नजरअंदाज किया तो फिर सीधे ऊपर जाने की तैयारी कर लेना। पूरी खबर पढ़ें 5. जयपुर में थार ने 3 गाड़ियों को टक्कर मारी, युवक की मौत
जयपुर में तेज रफ्तार थार ने एक के बाद दो बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी बुआ घायल हो गई। थार को महिला क्रिकेटर चला रही थी, जो टक्कर मारने के बाद थार छोड़कर भाग गई। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा पर रोक लगाई
हाईकोर्ट ने 7 दिसंबर से होने वाली असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा-2025 पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा- RPSC पहले परीक्षा का डिटेल सिलेबस जारी करें और उसके 30 दिन बाद परीक्षा करवाए। RPSC ने सितंबर में भर्ती का विज्ञापन जारी किया था, लेकिन नया सिलेबस जारी नहीं किया था। पूरी खबर पढ़ें 7. राजस्थान में कल से होगी कड़ाके की सर्दी
राजस्थान में गुरुवार से तेज सर्दी का दौर शुरू होगा। उत्तर भारत से चलने वाली बर्फीली हवा से राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में तापमान गिरेगा। अगले 3 दिन 4, 5 और 6 दिसंबर को झुंझुनूं, चूरू, सीकर जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें 8. शादीशुदा प्रेमी और नाबालिग प्रेमिका टैंक में कूदे
बाड़मेर में लव अफेयर के चलते शादीशुदा युवक और नाबालिग लड़की सुसाइड करने के लिए पानी के टैंक में कूद गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। नाबालिग की डूबने से मौत हो गई, वहीं युवक को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. घर में खड़ी कार का एक दिन में 2 बार टोल कटा
कोटा में घर में खड़ी कार का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 2 बार टोल कट गया। फास्टैग का मैसेज मोबाइल पर आने पर कार मालिक रिटायर्ड टीचर को पता चला। इसके बाद हाईवे एक्सप्रेस-वे हेल्पलाइन नंबर 1033 पर शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. एकल पट्टा मामले में बुधवार को सुनवाई होगी
एकल पट्टा मामले में एसीबी ने कोर्ट मे पूर्व मे पेश क्लोजर रिपोर्ट को वापस लेने के लिए आवेदन दायर किया था। इस पर 4 दिसंबर को सुनवाई करेगी। रिपोर्ट मे एसीबी ने पहले धारीवाल और अन्य आरोपियों को क्लीन चिट दी थी।


