नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर अरावली को लेकर भड़के आंदोलन से जुड़ी है। कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। जोधपुर में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर NSUI कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. अरावली को लेकर भड़का आंदोलन, जोधपुर में लाठीचार्ज
अरावली को बचाने के लिए प्रदेशभर में कांग्रेस और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। जोधपुर में NSUI के कार्यकर्ता बेरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस के समझाने के बाद भी नीचे नहीं उतरे तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा। उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पूरी खबर पढ़ें 2. अजमेर दरगाह में प्रधानमंत्री की चादर चढ़ाई
अजमेर दरगाह में चल रहे 814वें सालाना उर्स पर पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ से सोमवार को चादर चढ़ाई गई। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पीएम की ओर से भेजी गई चादर लेकर अजमेर पहुंचे। चादर पेश करने के बाद केंद्रीय मंत्री ने बुलंद दरवाजे पर मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया। पूरी खबर पढ़ें 3. कांग्रेस नेता ने मोर का शिकार किया, मांस पकाते गिरफ्तार
उदयपुर में राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता अपने हिस्ट्रीशीटर दोस्त के साथ मिलकर खेत में नॉनवेज पार्टी कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर का शिकार पकाते 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर पढ़ें 4. 12वीं के स्टूडेंट ने सुसाइड नोट लिखकर फंदा लगाया
नागौर के मुंडवा कस्बे में वागीश्वरी विद्या मंदिर स्कूल के हॉस्टल में 12वीं क्लास के छात्र ने सुसाइड कर लिया। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा- छात्र के पास से मिला सुसाइड नोट बदल दिया। परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और तोड़फोड़ कर दी। पूरी खबर पढ़ें 5. सांवलियाजी मंदिर में मध्य प्रदेश से आए भक्त की पिटाई
चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालु की गार्ड ने पिटाई कर दी। श्रद्धालु मंदिर कॉरिडोर में फोटो-वीडियो बना रहे थे। इस दौरान गार्ड से बहस हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि श्रद्धालु को गार्ड ने इतना पीटा कि नाक से खून बहने लगा। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. मौत के बाद भी 2 लोगों को नई जिंदगी दे गया बच्चा
जोधपुर एम्स में 5 साल का बच्चा ब्रेन डेड होने के बाद 2 लोगों को नई जिंदगी दे गया। परिवार ने बच्चे के ऑर्गन डोनेट किए हैं। बच्चे की दोनों किडनी जोधपुर एम्स में एडमिट मरीज को लगाई गई, जबकि लिवर दिल्ली भेजा गया। पूरी खबर पढ़ें 7. 3.50 करोड़ रुपए के 500-1000 के नोट रद्दी हुए
नोटबंदी के 9 साल बाद 3.50 करोड़ रुपए के पुराने नोट बदलने से कोर्ट ने इनकार कर दिया है। राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ ने अपने रिपोर्टेबल जजमेंट में 500 और 1000 रुपए के पुराने नोटों को बदलने या जमा करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। ये नोट अब रद्दी हो गए हैं। पूरी खबर पढ़ें 8. स्कूटी सवार महिला सड़क पर गिरी, ट्रक ने कुचला
चूरू के बीदासर थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला का बैलेंस बिगड़ा और वह सड़क पर गिर गई। इस दौरान ट्रक का टायर उसके सिर के ऊपर से निकल गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. पंचों का मनमाना फैसला, महिलाएं यूज नहीं करेंगी स्मार्टफोन
राजस्थान के जालोर जिले में पंचायत ने अजीब फरमान सुनाया है। 15 गांव की बहू-बेटियां को 26 जनवरी से कैमरे वाला फोन यूज करने पर बैन लगा दिया है। इतना ही नहीं सार्वजनिक समारोह से लेकर पड़ोसी के घर पर भी फोन ले जाने पर पाबंदी रहेगी। वह स्मार्टफोन की जगह की-पैड फोन उपयोग में ले सकेंगी। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. 23 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी, घने कोहरे के आसार
प्रदेश में 23 दिसंबर से उत्तरी हवाएं प्रभावी होगी, इससे कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। आने वाले दिनों में कोहरा और तेज होगा, इससे विजिबिलिटी प्रभावित होगी।


