राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से प्रारंभ होगी। बोर्ड ने इन परीक्षाओं की तैयारी पूरी कर ली है। इस बार बोर्ड परीक्षा में कुल 19.89 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। बोर्ड ने इन विद्यार्थियों की परीक्षा के लिए प्रदेश में 6193 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों में से 20 केंद्र अति संवेदनशील और 31 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। जयपुर जिले में विद्यार्थी और परीक्षा केंद्रों की संख्या सर्वाधिक है। 500 परीक्षा केंद्रों पर 1.98 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। बारहवीं कक्षा में पिछले साल 8,85,263 विद्यार्थी रजिस्टर्ड हुए थे। इनकी संख्या बढकर इस साल 9,09,087 तक पहुंच गई। इसी तरह से दसवीं कक्षा में पिछले साल 10,92,615 विद्यार्थी थे। इनकी संख्या इस साल घटकर 10,68,078 रह गई है। संयुक्त निदेशक कार्यालय और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 9 फरवरी से कंट्रोल रूप प्रारंभ होगा। यह परीक्षा समाप्ति तक काम करेगा। प्रश्न पत्रों का वितरण 4 या 5 फरवरी को हो सकता है। 15 जिलों में होगी वीडियोग्राफी बोर्ड की ओर से 15 जिलों में केंद्रों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इनमें दौसा, करौली, सीकर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, फलौदी, जोधपुर, जालौर, धौलपुर, भरतपुर, डीग, बाड़मेर और बालोतरा के साथ साथ सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों की और कुछ अन्य चयनित परीक्षा केंद्रों की अलमारी से पेपर निकालने और केंद्र पर लिफाफा खोलने वितरण सहित अन्य गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इन केंद्रों पर सीसीटीवी द्वारा भी निगरानी रखी जाएगी।


