राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से रविवार को भी जयपुर सहित कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। वहीं, कोटा, टोंक, धौलपुर, अलवर सहित 10 से ज्यादा जिलों में सुबह 10 बजे तक घने कोहरे का असर रहा। कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक रह गई। सवाई माधोपुर जिले के मित्रपुरा थाना क्षेत्र में धुंध के कारण एक पिकअप और कार भिड़ गईं। एक्सीडेंट में कोई घायल नहीं हुआ है। विजिबिलिटी घटने का असर ट्रेनों पर भी हो रहा है। वहीं, बीते 24 घंटे में अचानक सर्दी का असर भी बढ़ा है। हालांकि, दिन और रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज हुई। जयपुर में धूप हल्की, मौसम बदला राजधानी जयपुर सहित आसपास के एरिया में बीते 24 घंटे में मौसम में बदलाव हुआ। बादल छाने के कारण रविवार सुबह धूप भी हल्की रही। सर्द हवा के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट हुई। जयपुर से निकलने वाली दो ट्रेनें भी आज 2 से 3 घंटे तक देरी से चल रही हैं। इनमें अजमेर-जम्मूतवी ट्रेन 2 घंटे 30 मिनट लेट और अजमेर-चंडीगढ़ ट्रेन 1 घंटे 20 मिनट लेट हैं। कल दिन में रही तेज धूप वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप रही। नागौर, बीकानेर, फलोदी, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, पाली में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। शनिवार को प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर और डूंगरपुर का रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आगे कैसा रहेगा मौसम मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- 22 दिसंबर तक राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से कहीं-कहीं हल्के बादल छाए रह सकते हैं और तापमान भी स्थिर रहने की संभावना है। 23 दिसंबर से इस सिस्टम का असर खत्म होने के बाद उत्तर भारत में जैसे ही आसमान साफ होगा, तब तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। सर्द हवाएं चलेगी और उत्तरी राजस्थान के कुछ जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाएं चलने से तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है।


