राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव खत्म होने के साथ ही बादल हट गए और कोहरा शुरू हो गया। सोमवार को राज्य के 6 से ज्यादा जिलों में घना कोहरा रहा। हल्की सर्द हवा चलने से न्यूनतम तापमान में भी 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है राज्य में अगले एक-दो दिन तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन घना कोहरा रहने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, करौली के एरिया में कोहरा छाया। कोहरे से इन शहरों में विजिबिलिटी (दृश्यता) कम हो गई और गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं, शेखावाटी के एरिया में हल्की सर्द हवा चली, जिससे इन शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। सीकर का फतेहपुर सबसे ज्यादा ठंडा रहा सोमवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नागौर में न्यूनतम तापमान 5.9, लूणकरणसर में 6, दौसा में 6.5, बारां में 7.8, सिरोही में 8.1, गंगानगर में 9.3, चूरू में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव सोमवार दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। जोधपुर में अधिकतम तापमान 29.8, नागौर में 28.8, जालौर में 29.5, दौसा में 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज भी रहेगा कोहरे का असर मौसम विशेषज्ञों ने बताया- राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में आज भी कोहरे का प्रभाव देखने को मिलेगा। गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर के अलावा पाकिस्तान सीमा से लगते एरिया में कोहरे का ज्यादा असर रहेगा। वहीं, दिल्ली एनसीआर से लगते एरिया में भी कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है।


