जोधपुर मंडल इंटर-डिपार्टमेंटल रेलवे क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब मैकेनिकल ब्रांच-1 ने अपने नाम कर लिया है। रविवार को रेलवे स्टेडियम पर खेले गए रोमांचक फाइनल मैच में मैकेनिकल ब्रांच-1 ने मैकेनिकल ब्रांच-2 को 9 रन से हराया। मैच के बाद डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल खेलकूद संघ के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल में मैकेनिकल ब्रांच-1 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 205 रन बनाए। दीपेंद्र ने 76 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सुनील सारण ने तूफानी 72 रन बनाए और परमवीर सिंह ने 36 रन का योगदान दिया। मैकेनिकल ब्रांच-2 का शानदार प्रयास 206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैकेनिकल ब्रांच-2 ने शानदार प्रदर्शन किया। मनीष ने 52 रन, सुखराम ने 33 रन, महेंद्र ने 32 रन और सूरज ने 22 रन की मजबूत पारियां खेलीं। इसके बावजूद टीम 195 रन ही बना पाई और 9 रन से हार गई। मैकेनिकल ब्रांच-1 के गेंदबाज सुनील सारण ने 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। सुनील सारण ने जीते तीन पुरस्कार पुरस्कार वितरण समारोह में डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने दीपेंद्र को मैन ऑफ द मैच, मनु मनीष को बेस्ट बॉलर और सुनील सारण को बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार दिया। सुनील सारण को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब भी मिला। अंपायर विकास मरवण, प्रिंस, रोशन मीणा और रवि बोधा को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस दौरान डीआरएम ने पूर्व रणजी खिलाड़ी और सिलेक्टर चंद्रकांत बोधा को भी सम्मानित किया। रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति इस अवसर पर डिवीजनल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अंकित तायल, सीनियर डिवीजनल पर्सनेल ऑफिसर अभिषेक गांधी और डिवीजनल सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर शुभम यादव भी मौजूद रहे। डिवीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर और सीनियर डिवीजनल फाइनेंस मैनेजर विक्रम सिंह सैनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वेलफेयर इंस्पेक्टर शक्ति सिंह बाघेला ने आभार जताया और राजकुमार जोशी ने कार्यक्रम का संचालन किया।


