उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा से राजस्थान में सर्दी तेज हो गई। राजस्थान में कोल्ड-वेव का असर 3 जनवरी तक रहेगा। 1 जनवरी से कोल्ड-वेव का प्रभाव और बढ़ने की भी आशंका जताई गई है। कल (30 दिसंबर) जयपुर, अलवर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर समेत कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इन जिलों में सुबह से गलनभरी सर्दी रही। दोपहर बाद से तेज सर्द हवा चलने लगी। पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो सबसे ठंडा दिन कल (सोमवार) श्रीगंगानगर जिले में रहा। यहां का अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। गंगानगर के अलावा कल अलवर में अधिकतम तापमान 15, बीकोनर में 18.9, चूरू में 18.4, जयपुर में 19.8, कोटा में 19.9, माउंट आबू में 18, पिलानी (झुंझुनूं) में 17.6 और सीकर में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। औसत से नीचे आया दिन का तापमान
राजस्थान में कोल्ड-वेव चलने और कोहरे के कारण कई शहरों में दिन का अधिकतम तापमान औसत से 7 डिग्री तक नीचे चला गया। सीकर, पिलानी (झुंझुनूं), चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ में अधिकतम तापमान औसत से 4 डिग्री से ज्यादा नीचे होने और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज होने के कारण यहां कोल्ड-डे की स्थिति बन गई है। जमाव बिंदु तक जा सकता है माउंट आबू का पारा
मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिन सर्दी और तेज होने की आशंका जताई है। संभावना है कि हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा शून्य या माइनस में जा सकता है। माउंट आबू में कल न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


