राजस्थान में आज जयपुर और भरतपुर संभाग के 8 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे की भी चेतावनी जारी की है। जयपुर के कई इलाकों में सुबह 5 बजे बूंदाबांदी भी हुई। इससे पहले बुधवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से 6-8 जिलों में बादल छाए और कई स्थानों पर बारिश हुई। जोधपुर, फलोदी, बाड़मेर, बीकानेर में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ पानी बरसा। आसमान में बादल छाने, बारिश होने के कारण कल दिन के अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट हुई। वहीं सीजन की इस पहली मावठ से रबी फसलों को फायदा हुआ। साल की शुरुआत बरसात के साथ जयपुर, दौसा सहित कई जिलों में गुरुवार सुबह से घने बादल छाए हुए हैं। साल के पहले दिन जयपुर शहर के दुर्गापुरा, गोपालपुरा, मालवीय नगर सहित कई इलाकों में सुबह 5 बजे हल्की बरसात भी हुई। शहर के दूसरे हिस्सों में सुबह से घना कोहरा भी है। वहीं, जयपुर के आसपास के जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा है। पूर्वी राजस्थान में कोहरे का असर इधर पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अलवर के एरिया में सुबह घना कोहरा रहा, जो दोपहर तक छाया रहा। इस दौरान इन शहरों में भी दिन में धूप कमजोर रही, जिसके चलते यहां सुबह-शाम के अलाव दिन में भी तेज सर्दी रही। पारा 25 से नीचे दर्ज, सीजन का सबसे ठंडा दिन बारिश और बादलों का असर दिन की सर्दी पर दिखा। धूप नहीं रहने और सर्द हवाएं चलने से बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर समेत तमाम शहरों में कल दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में कल अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


