भास्कर न्यूज | अमृतसर जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव को लेकर वीरवार को नामांकन के अंतिम दिन ब्लॉक मजीठा के तहसील कॉप्लेक्स और नगर पंचायत राजासांसी के दफ्तर में हंगामा हो गया। मजीठा स्थित बीडीपीओ दफ्तर में अकाली विधायक गनीव कौर को नामांकन प्रक्रिया देखने के लिए जाने से रोक दिया गया। उन्होंने अकाली उम्मीदवारों के कागजात न लेने के आरोप लगाए। नगर पंचायत राजासांसी में तो नामांकन दाखिल करवाने के समय उम्मीदवारों में हाथापाई हो गई और दोनों गुटों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। हलका राजासांसी के विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष ने नामांकन प्रक्रिया को बाधित करने के लिए गुंडों की मदद ली। कई जगह उनके उम्मीदवारों के नामांकन छीनकर फाड़ दिए गए। गांव कोठियां और भिंडीसैदां के उम्मीदवारों के साथ खुलकर गुंडागर्दी की गई। 12 बजे के बाद जब दोबारा कागज़ जमा करवाने गए तो फिर हमला किया गया। जिला परिषद उम्मीदवार सुरजीत पर भी जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और किसी भी गुंडे पर कार्रवाई नहीं की। वहीं हलका राजासांसी में अकाली नेता राणा रणबीर सिंह लोपोके, शिरोमणि कमेटी मैंबर सुरजीत सिंह भिट्टेवड्ड और भाजपा उम्मीदवार मुखविंदर सिंह ने कागज न दाखिल करवाने के आरोप लगाएं। अमृतसर में नामांकन के अंतिम दिन जिला परिषद के लिए 148 और ब्लॉक समिति के 10 जोनों के लिए कुल 906 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल करवाए है। वहीं तरनतारन में जिला परिषद के 20 जोनों के लिए 72 उम्मीदवारों और 9 पंचायत समितियों के लिए 785 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकनों की जांच 5 दिसंबर को होगी, जबकि नाम वापसी 6 दिसंबर शाम 3 बजे तक लिए जा सकेंगे। 14 दिसंबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान बैलेट पेपर से होगा। मतगणना 17 दिसंबर को होगी। चुनावों में 50 प्रतिशत सीटे महिलाओं के लिए रिजर्व रखी गई है।


