नावां उपखंड मुख्यालय के ग्राम राजास स्थित जीजीएस परिसर में बुधवार देर रात एक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि, नावां की फायर ब्रिगेड खराब होने के कारण मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद कुचामन से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। कुचामन से पहुंची फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। विभाग के लाइनमैन मुकेश कुमावत ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी थी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो एक राहत की बात रही। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। फिलहाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को शीघ्र सुचारु करने के प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों ने भी समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने पर राहत की सांस ली।


