जालंधर | राजा गार्डन में रविवार दोपहर मामूली बात को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष होते-होते बचा। गली से गाड़ी निकालने के विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने सरेआम पिस्तौल निकाल ली और लोगों को डराने की कोशिश की। घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित गुरनाम सिंह ने बताया कि उनके घर के बाहर एक बुलेट बाइक खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान शुभम अपनी थार लेकर वहां पहुंचा और हॉर्न बजाने लगा। गुरनाम के बेटे ने बाहर जाकर कहा कि निकलने के लिए काफी जगह है, लेकिन शुभम बुलेट को वहां से हटाने की जिद पर अड़ गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। युवक को हथियार लहराते देख मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और उसे घेर लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, थार चालक शुभम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। शुभम का तर्क है कि उसकी बहन को रोका गया था और पुरानी रंजिश के चलते उसे फंसाया जा रहा है। उसने पिस्तौल निकालने की बात से भी साफ इनकार किया है। जांच अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि उन्हें लड़ाई-झगड़े और हथियार दिखाए जाने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बयान दर्ज करवाने के लिए थाने बुलाया है। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है।


