राजेंद्र राठौड़ बोले- नासमझी में ट्वीट कर देते हैं गहलोत:OMR-घोटाला पर कहा- जिस कंपनी ने परीक्षा कराई, उसका चयन आपके काल में हुआ

पूर्व चिकित्सा मंत्री और भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। OMR घोटाले को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा- मैं समझता हूं कि नासमझी के कारण कई बार अशोक गहलोत भी ट्वीट कर जाते हैं। ये सारी परीक्षाएं जिसमें ओएमआर शीट के आधार पर परीक्षा हुई है, वह 2019 में हुई है। जनवरी 2019 से लेकर मार्च 2019 तक जिस कंपनी ने परीक्षा करवाई उसका चयन भी अशोक गहलोत के शासनकाल में हुआ। निश्चित तौर पर इसमें जांच होगी, और जांच के बाद आगे बढ़ेंगे तो तार कहीं से कहीं जुड़ जाएंगे। सरकार पर आरोप लगाने में अशोक गहलोत कई बार भूल जाते हैं कि वह जो उंगली उठा रहे हैं तो चार उंगली उनकी तरफ भी उठ रही है। जोधपुर में राजेंद्र राठौड़ ने मीडिया से बातचीत में ये बातें कहीं। राठौड़ ने जोधपुर की सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र में 22 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। आधारभूत ढांचे पर तेजी से काम कर रही है सरकार
राजेंद्र राठौड़ ने कहा- अशोक गहलोत के मुख्यमंत्री काल के दौरान उनके पर्सनल PSO और उनके बेटे की गिरफ्तारी की गई। ये इस बात के संकेत देते हैं कि परिणाम क्या होंगे। भजनलाल शर्मा सरकार आधारभूत ढांचे पर तेजी से काम कर रही है। यहां तक कि पूर्व सीएम अशोक गहलोत की विधानसभा में भी बड़े प्रोजेक्ट चल रहे, ये सरकार की निष्पक्षता का प्रमाण है। जोधपुर पहुंचते ही जेसीबी से पुष्प वर्षा कर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, विधायक अतुल भंसाली, सिवाना विधायक हमीरसिंह भाटी व पूर्व राज्यमंत्री प्रो. महेंद्र सिंह समेत भाजपा के कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *