मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज (सोमवार) अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र स्थित खानपुर गांव में पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत जनमन आवास से लाभान्वित हितग्राही धनिया बाई को गृह प्रवेश कराया। राज्यपाल ने इस दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। राज्यपाल का हेलिकॉप्टर चंदेरी की किला कोठी पर बनाए गए हेलीपैड पर रिमझिम बारिश के बीच उतरा। कलेक्टर आदित्य सिंह और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे कार से खानपुर गांव पहुंचे, जहां कार्यक्रम के दौरान भी रुक-रुक कर बारिश होती रही। राज्यपाल ने प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और स्कूली बच्चों से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के नाम, मध्याह्न भोजन तथा स्कूल के समय जैसी जानकारी पूछी। उन्होंने बच्चों को किताबें भी वितरित कीं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने एक आंगनवाड़ी का भी दौरा किया, जहां बच्चों से बातचीत की और एक मरीज से भी मुलाकात की। गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद, राज्यपाल मंच पर पहुंचे और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।


