राज्यसभा में संत सीचेवाल ने उठाए जनता से जुड़े मुद्दे

राज्यसभा में सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने गंभीर मुद्दों पर आवाज उठाई। जनसंपर्क विभाग ने जारी रिलीज में शनिवार को बताया कि मॉनसून सत्र के दौरान संत सीचेवाल ने बाढ़ रोकने, वन क्षेत्र बढ़ाने, स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने, आम लोगों को सहायता देने, लुप्त होती छोटी नदियों को बचाने, डेयरियों, पर्यावरण और हवाई सेवाओं से जुड़े कई अहम मसलों को संसद में आवाज दी। ये सभी मुद्दे उन्होंने लिखित सवालों के जरिए संसद में उठाए। नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा संत सीचेवाल के सवाल का जवाब देते हुए बताया गया कि सरकार ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) योजना के तहत क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि उड़ान योजना के तहत आम लोगों के लिए हवाई यात्रा को सुलभ बनाने के उद्देश्य से पंजाब में आदमपुर, लुधियाना, पठानकोट और बठिंडा को जोड़ने वाले 34 रूट चालू किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ब्यास और पटियाला को भी क्षेत्रीय हवाई संपर्क में शामिल करने के लिए निविदा जारी की है। इसी तरह, जलवायु परिवर्तन का प्राकृतिक संसाधनों पर पड़ रहे प्रभावों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में जल शक्ति मंत्रालय ने बताया कि वह हर स्तर पर इससे निपटने के लिए प्रयास कर रहा है। संत सीचेवाल ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से भी आम लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने और गरीबों की सहायता के बारे में सवाल किया, जिसके जवाब में मंत्रालय ने बताया कि सरकार आयुष और अन्य योजनाओं के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने और उन्हें जनसामान्य के लिए सुलभ बनाने हेतु लगातार प्रयासरत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *