राज्य के विभिन्न काराओं में पुरुष नर्स एवं महिला नर्सों की भारी कमी है। जेल आईजी के पत्र के बाद गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव को महिला एवं पुरुष नर्सो की प्रतिनियुक्ति को लेकर अनुरोध किया है। पत्र में कहा गया है कि आईजी जेल की ओर से पुरुष नर्स के कुल 63 एवं महिला नर्स के कुल 29 पदों पर जेलों में प्रतिनियुक्ति की जाए। जेल आईजी की ओर से गृह विभाग को जेल मैनुअल 2025 के आलोक में वर्तमान में राज्य के काराओं में बंद महिला एवं पुरुष बंदियों के संख्या के आधार पर पुरुष एवं महिला नर्स की प्रतिनियुक्ति करने से संबंधित सूची भेजी है। अनुरोध किया गया है कि जेल में बंद कैदियों के समुचित इलाज के लिए पुरुष नर्स एवं महिला नर्स की प्रतिनियुक्ति को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। झारखंड राज्य में केवल क्रमश: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार रांची में पुरुष नर्स का स्वीकृत पद 30 एवं महिला नर्स के 5 पद, केंद्रीय कारा घाघीडीह जमशेदपुर में पुरुष नर्स के 5 एवं महिला नर्स के 3 पद स्वीकृत है। बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल होटवार रांची में पुरुष व महिला के कुल 35 पद सृजित हैं। इनमें पुरुष के 30 वह महिला के 5 पद हैं। जबकि दस कार्यरत हैं। इनमें 06 पुरुष एवं 4 महिला नर्स शामिल हैं। सेंट्रल जेल घाघीडीह में 8 पुरुष एवं 3 महिला नर्स का पद सृजित है। इनमें 3 पुरुष नर्स और 1 महिला नर्स कार्यरत हैं। जेल आईजी द्वारा जो सूची गृह विभाग को भेजा गई है। उसमें विभिन्न जेलों के लिए 63 पुरुष एएनएम और 29 महिला एएनएम की आवश्यकता बताई गई है। इसमें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार के लिए 2 पुरुष एएनएम, सेंटल जेल घाघीडीह के लिए 3 पुरुष और 1 महिला एएनम की जरूरत बताई गई है। जेपी कारा हजारीबाग के लिए 3 पुरुष व एक महिला एएनएम, सेंट्रल जेल दुमका के लिए 3 पुरुष एवं एक महिला एएनएम, सेंट्रल जेल मेदिनीनगर के लिए एक पुरुष एएनएम, मंडल जेल चाईबासा के लिए 1 पुरुष व 1 महिला एएनएम की आवश्यकता बताई गई है।


