झारखंड के उद्योग सचिव अरवा राजकमल का दावा है कि झारखंड में एफडीआई बढ़ेगा। बड़ी विदेशी पूंजी निवेश की संभावना है। आने वाले दिनों में औद्योगिक विकास तेजी से हो सकता है। सोमवार को सूचना भवन में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्पेन और स्वीडन गए प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में निवेश के लिए विदेशी निवेशकों को आमंत्रित किया है। हमें कई निवेशकों के प्रस्ताव भी मिले हैं। कई कंपनियों ने निवेश करने के प्रति रुचि दिखाई है। सचिव ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य झारखंड में विदेशी निवेश को बढ़ाना था। स्पेन और स्वीडन झारखंड में निवेश के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण देश है। झारखंड में विदेशी निवेशकों की सुविधा के लिए एक डेस्क स्थापित होगा। अरवा राजकमल ने कहा कि स्पेन में टेस्ला ग्रुप के चेयरमैन दुसान लिचार्ड्स ने ग्रुप की रोमानिया गिगिया फैक्ट्री परियोजना की जानकारी दी। साथ ही, बैटरी भंडारण उत्पादन के निर्माण के लिए झारखंड में एक समान परियोजना स्थापित करने के लिए करीब 150 मिलियन यूरो के निवेश की इच्छा जताई है। आरसीडी एस्पेनयोल फुटबॉल क्लब ने झारखंड के फुटबॉल कोचों को प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा रांची में 120-170 मिलियन यूरो के निवेश से एक मेगा सम्मेलन और व्यापार प्रदर्शनी केंद्र विकसित करने के लिए एलओआई मिला है। सीएम ने चाईबासा में जियोलॉजिकल म्यूजियम बनाने का किया आग्रह अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने यूरोप के सबसे बड़े स्टेडियम एफसी बार्सिलोना स्टेडियम और संग्रहालय का दौरा किया। इस दौरान वहां एफसी बार्सिलोना की उपाध्यक्ष एलेना फोर्ट के साथ बैठक की। डी गावा संग्रहालय का भी दौरा किया। वहां एक पुराने खनन स्थल को एक जियोलॉजिकल म्यूजियम में बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री ने चाईबासा में भी इसी तरह के स्थलों को जियोलॉजिकल म्यूजियम में बदलने और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आग्रह किया। बार्सिलोना में ही एक इन्वेस्टर मीट भी आयोजित किया गया। वहां भारतीय प्रवासियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। वन टू वन मीटिंग में खेल से संबंधित मार्केटिंग एंड ब्रांडिंग, आईईएसई बिजनेस स्कूल में उद्यमिता संकाय, पर्यावरण स्थिरता सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।


