राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर डीडवाना-कुचामन जिला प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट में एक प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। मंत्री ने बताया कि सरकार ने अपने कार्यकाल में समाज के हर वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और पारदर्शी तथा प्रभावी शासन प्रदान किया है। प्रभारी मंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा की गई कुल घोषणाओं में से 73 प्रतिशत घोषणाएं या तो पूरी हो चुकी हैं या प्रगति पर हैं। उन्होंने दावा किया कि मजबूत क्रियान्वयन के कारण राजस्थान आज देश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल है। राज्य 11 राष्ट्रीय योजनाओं में प्रथम, 5 में द्वितीय और 9 योजनाओं में तृतीय स्थान पर है। उन्होंने राज्य-स्तरीय उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत 132 नए पैकेज जोड़े गए हैं, जिससे 35 लाख से अधिक लाभार्थियों को 6,860 करोड़ रुपए की केशलैस चिकित्सा सुविधा मिली है। ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत दो वर्षों में 20 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 1,640 गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है और बिजली उत्पादन क्षमता में 6,363 मेगावाट की वृद्धि हुई है। जिले से जुड़ी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए चौधरी ने बताया कि डीडवाना-कुचामन जिले में आयुष्मान योजना के अंतर्गत 1,357.29 लाख रुपए की केशलैस चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है। सड़क विकास पर 6,373.58 लाख रुपए खर्च कर 271 किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ। किसानों को बिजली बिलों में 740.68 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया है और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 37.46 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। औद्योगिक विकास के लिए जिले में तीन नए रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए गए हैं। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर से ‘बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान’ अभियान के तहत विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ जिले के गांव-ढाणियों में जाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही, सड़क सुरक्षा अभियान के तहत एक वाहन रैली को भी रवाना किया गया। कार्यक्रम के अंत में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित समारोह में 43 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की गई। इस दौरान जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


