राज्य स्तरीय डेजर्ट ट्रैकिंग आज से, प्रदेश के 175 रोवर्स रेंजर्स भाग लेंगे, दर्शनीय स्थलों का करेंगे भ्रमण

भास्कर न्यूज| जैसलमेर राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में राज्य स्तरीय डेजर्ट ट्रैकिंग शिविर का आयोजन 24 से 28 फरवरी तक जैसलमेर जिले में किया जाएगा। राज्य संगठन आयुक्त राजस्थान पुरणसिंह शेखावत ने बताया कि इस डेजर्ट ट्रैकिंग में राजस्थान प्रदेश के समस्त जिलों से लगभग 175 से अधिक रोवर्स रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स भाग लेंगे। इस ट्रैकिंग का मुख्य उद्देश्य जैसलमेर जिले के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, ऐतिहासिक धरोहर एवं सामरिक महत्व की जानकारी देना है । जिसमें पटवा हवेली, गजरूप सागर, जैसलमेर दुर्ग, किला भ्रमण, व्यू पॉइंट, गड़ीसर लेक, घंटियाली माता, तनोट माता, इंडो पाक बॉर्डर, लोंगेवाला, कुलधरा स्थलों का भ्रमण भी करवाया जाएगा। डेजर्ट ट्रैकिंग के सफल संचालन के लिए राज्य मुख्यालय जयपुर द्वारा राज्य सचिव डॉ. पीसी जैन ने राज्य संगठन आयुक्त राजस्थान जयपुर पुरणसिंह शेखावत, सहायक राज्य संगठन आयुक्त जोधपुर छतरसिंह पीडीयार, सीओ गाइड भरतपुर कल्पना शर्मा, सीओ स्काउट झुंझुनूं महेश कालावत, सीओ स्काउट डूंगरपुर भाविक सुथार, सीओ गाइड जैसलमेर कृतिका पाराशर, स्थानीय रोवर लीडर मुकेश हर्ष को विशेष जिम्मेदारी देकर इस ट्रैकिंग की व्यवस्थाओं एवं सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है। सीओ गाइड कृतिका पाराशर ने बताया कि ट्रेकिंग के चतुर्थ दिवस जसेरी तालाब पर बिना बर्तनों के भोजन बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें प्रत्येक ग्रुप को कम से कम 10 विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने होंगे। इसके अलावा सम के धोरों में कैमल सफारी एवं पैदल ट्रेकिंग, शिविर ज्वाल (सांस्कृतिक कार्यक्रम) जैसे आयोजन भी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जैसलमेर जिले में स्वच्छता का संदेश देने के लिए स्वच्छता चेतना रैली का आयोजन भी किया जाएगा। सर्वधर्म समभाव के लिए सर्वधर्म प्रार्थना सभा ट्रैकिंग के अंतिम दिवस आयोजित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *