भास्कर न्यूज| जैसलमेर महिला अधिकारिता विभाग जैसलमेर द्वारा वर्क फ्रॉम होम जॉब विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को घर बैठे रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा। कार्यक्रम में उपनिदेशक अशोक कुमार गोयल ने उपस्थित महिलाओं को वर्क फ्रॉम होम के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद महिलाएं भी घर से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने ऑनलाइन कार्य, हस्तशिल्प, सिलाई कढ़ाई, घरेलू उत्पाद निर्माण, डिजिटल सेवाएं एवं अन्य आय-वर्धक गतिविधियों के माध्यम से रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के दौरान पर्यवेक्षक मोनिका ने महिलाओं को पंजीकरण की प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी प्रदान की तथा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया समझाई। इस अवसर पर हब से रानी राठौर ने विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को अधिक से अधिक योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पीएसएसके से प्रियंका एवं मनीषा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार, प्रशिक्षण एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया गया।


