भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने बांसवाड़ा में कांग्रेस और ‘भारत आदिवासी पार्टी’ (बाप) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- कांग्रेस एक भी जन आंदोलन अब तक खड़ा नहीं कर पाई। इससे पता चलता है कि राजस्थान की जनता अब कांग्रेस को नकार कर भारतीय जनता पार्टी की ओर आकर्षित हो चुकी है। राठौड़ ने कहा- इस इलाके में एक दल है, जो लोगों की भावनाओं को गुमराह करके नौजवानों को गलत रास्ते पर ले जा रहा है, उनकी भी कलई खुल रही है। उनके एक विधायक सवाल लगाने के नाम पर पैसा लेते हैं। उनके सांसद ये कहते हैं कि कमीशनखोरी कोई बुरी बात नहीं। मैं समझता हूं कि अब बाप पार्टी (भारत आदिवासी पार्टी) लगातार सिमटती जा रही है। आने वाले समय में स्थानीय निकाय और पंचायत राज के संस्थाओं के चुनाव में भाजपा एकतरफा परचम लहराएगी। बोले- राजस्थान में अपराधों में कमी आई
राठौड़ ने कहा- राजस्थान में अपराधों में 18.6% की कमी आई है। राजस्थान में 90 हजार से ज्यादा नौजवानों को पारदर्शी तरीके से नौकरी मिली है। और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जी ने जो अपनी बात कही थी कि वह बहस करने को तैयार हैं अल्बर्ट हॉल पर, 5 साल बनाम 2 साल का। तो हमने ये कहा है कि अब फरवरी में बजट सत्र आ रहा है। वो(कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष) विधानसभा अध्यक्ष से मांग करें, क्योंकि इससे बड़ा मंच हो नहीं सकता है। ’विकास के कामों पर कांग्रेस करें बहस’
उन्होंने कहा- दो दिन सिर्फ इस बात पर बहस रहे कि राजस्थान में अपराध किस प्रकार कांग्रेस के समय में ज्यादा था, भ्रष्टाचार किस प्रकार कांग्रेस के समय में ज्यादा था। भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ अब है या पहले? किस प्रकार सरकार ने दो दर्जन नीतियां बनाकर नीतिगत निर्णय लिए हैं। और विकास के कामों पर हर बात पर हम बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कल शनिवार को बांसवाड़ा में होंगे। वे यहां ग्रामीण शिविरों का जायजा लेंगे और शिक्षक सम्मेलन में भाग लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा एकतरफा जीत का परचम लहराएगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, पूर्व मंत्री महेंद्र जीत सिंह मालवीया, प्रदेश उपाध्यक्ष हकरू मईड़ा, विधायक कैलाश मीणा सहित अन्य भाजपा नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।


