रात्रि चौपाल में दौसा कलेक्टर ने की जनसुनवाई:55 परिवादों के निस्तारण के दिए निर्देश, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी

दौसा जिले की मानपुर ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर देवेन्द्र कुमार और विधायक विक्रम बंशीवाल ने जनसुनवाई की। जहां कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान होने से ग्रामीणों को राहत मिली। चौपाल में लोगों ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन चालू करवाने, पानी का कनेक्शन देने, रास्ते से अतिक्रमण हटवाने, दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने, पाइप लाइन डालने से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवाने, स्कूल परिसर से बिजली केबल हटवाने जैसे 55 परिवाद दिए। इनमें से कई परिवादों का तत्काल मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा जिन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो पाया उनके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। नाम जुड़वाने के लिए पोर्टल खुला खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने से संबंधित प्रकरणों में कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में इस योजना में नाम जुड़वाने के लिए पोर्टल खुला हुआ है। कोई भी पात्र व्यक्ति ई-मित्र के माध्यम से इसके लिए अपील आवेदन कर सकते हैं, जिनका सत्यापन के बाद नाम जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि आवेदन के समय 32 श्रेणियों में उपलब्ध समावेशन प्रमाण पत्र तथा निष्कासन श्रेणी में नहीं होने का प्रमाण पत्र अवश्य अपलोड करें। उन्होंने ग्रामीणों से एग्रीस्टैक योजनांतर्गत लग रहे शिविरों में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत घरेलू सोलर सयंत्र लगवाकर बिजली बिल से छुटकारा पाने के बारे में बताया। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप स्थानीय स्तर पर ही जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। विधायक विक्रम बंशीवाल ने लोगों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक रहकर फायदा लेने का आह्वान किया। चौपाल में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र कुमार मीणा, एसडीएम नवनीत कुमार, सरपंच नेतराम मीणा, तहसीलदार, बीडीओ सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *