उपखंड क्षेत्र बौंली की ग्राम पंचायत हिन्दूपुरा में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपजिला कलेक्टर की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत हिन्दूपुरा के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी संदीप कुमार बेरड़ द्वारा लोगों की समस्याएं सुनी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करवाने,रास्ते का ग्रेवलिंग करवाने, मुख्य रास्तों एवं खेतों तक जाने वाले रास्तों से अतिक्रमण हटवाने,पाइप लाइन लीकेज होने जैसी समस्याएं रखी। इस दौरान उपजिला कलेक्टर ने ग्रामीणों को फ़सल बीमा के बारे में काफी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खुद गिरदावरी करने एवं बैंकों में जाकर बीमा करवाने की बात कही। निशुल्क मंगल पशु बीमा एंव आयुष्मान कार्ड के बारे में भी लोगो को जानकारी दी। लोगो के द्वारा जो परिवाद दिए गए उन सभी परिवादों को गम्भीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही ग्रामीणों से 150 यूनिट प्रतिमाह निशुल्क बिजली योजना का लाभ उठाने के लिये रूफटॉप सोलर सयंत्र लगाने की अपील की। रात्रि चौपाल के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता पर जोर देते हुए सात दिन से अधिक खाँसी होने पर तुरन्त स्वास्थ्य केंद्र में जाँच करवाने का आह्वान किया। इस दौरान विकास अधिकारी हेमश्री प्रधुम्न, तहसीलदार दिनेश कुमार मीना, सरपंच नरेन्द्र महावर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


