देवास और हरदा के बीच बह रही नर्मदा नदी में रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध खनन और परिवहन कर रहे हैं। पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की टीमें माफिया पर लगाम नहीं कस पा रही हैं। मंगलवार रात करीब दो बजे खनिज विभाग की टीम ने भमोरी में नर्मदा किनारे छापा मारा। टीम के पहुंचने से पहले ही माफिया ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग निकले। मौके पर रेत के ढेर मिले। जेसीबी से रेत को वापस नर्मदा में मिला दिया गया। खनिज निरीक्षक मनीषा तावड़े टीम के साथ भमोरी पहुंचीं। टीम को देख माफिया में हड़कंप मच गया। आधी रात के बाद पहुंची टीम की भनक माफिया को पहले ही लग गई थी। इससे साफ है कि माफिया का नेटवर्क विभाग से ज्यादा मजबूत है। कार्रवाई के दौरान करीब 20 घनमीटर रेत जब्त की गई, जिसे बाद में नर्मदा में फेंक दिया गया। नर्मदा के किनारे गोंदागांव गंगेश्वरी, छीपानेर, लछोरा, सुरजना, मनोहरपुरा, भमोरी, गोला-मैदा, ऊंचान सहित कई जगहों से माफिया अवैध रेत निकाल रहे हैं। दिन में नाव से रेत निकालकर किनारे जमा करते हैं। रात में शहर में रेत का अवैध परिवहन होता है। कार्रवाई से बचने के लिए माफिया नाव सहित नर्मदा के दूसरे छोर पर चले जाते हैं। इससे टीम उन्हें पकड़ नहीं पाती।


