शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर फ्लाईओवर के रखरखाव कार्य के दौरान बरती जा रही लापरवाही लगातार सड़क हादसों का कारण बन रही है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात भी इसी लापरवाही के चलते दो ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इन हादसों में चालकों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, पूरनखेड़ी गांव के पास भगवती वेयरहाउस के नजदीक फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम चल रहा है। इस कारण हाईवे को डायवर्ट किया गया है। मौके पर पर्याप्त दूरी पर चेतावनी साइन बोर्ड नहीं लगाए गए हैं और न ही डायवर्जन को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है। रात के समय अंधेरा, हल्का कोहरा और खराब मौसम के कारण वाहन चालकों को रास्ते की सही स्थिति समझ नहीं आ रही है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। मिट्टी के ढेर से टकराकर अनियंत्रित हुए
गुरुवार-शुक्रवार की रात हुए हादसों में, दो ट्रक अचानक डायवर्जन और मिट्टी के ढेर से टकराकर अनियंत्रित हो गए और पलट गए। ड्राइवरों ने बताया कि उन्हें पहले से कोई चेतावनी नहीं मिली थी और सड़क में अचानक बदलाव के कारण वे ट्रकों पर नियंत्रण नहीं रख पाए। इससे पहले, बुधवार-गुरुवार की रात भी इसी स्थान पर एक आयशर ट्रक पलट गया था और एक कार भी सड़क के अचानक समाप्त होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं, एक रात पहले फ्लाई बस सर्विस की एक स्लीपर कोच बस मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई थी, जिसके बाद पीछे से आ रहे एक कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी थी। इन सभी घटनाओं में यात्रियों और चालकों को मामूली चोटें आई थीं। राहगीरों में भारी आक्रोश
लगातार हो रहे इन हादसों से स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लापरवाही के कारण बीते कुछ ही दिनों में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, लेकिन अब तक स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की कि रखरखाव कार्य के दौरान हाईवे पर पर्याप्त दूरी पर रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, बैरिकेडिंग और उचित रोशनी की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


