रानी दुर्गावती की 501वीं जयंती:मंडला में विशेष कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं

वीरांगना रानी दुर्गावती की 501वीं जयंती के अवसर पर मंडला में रेवांचल पार्क के समीप स्थित रानी दुर्गावती स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश सरकार की केबिनेट मंत्री संपतिया उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम और कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि रानी दुर्गावती ने अपने युद्ध कौशल से मुगलों की सेना को पराजित किया था। उन्होंने आत्मसम्मान के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका पराक्रम आज भी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देता है। मंत्री उइके ने बताया कि रानी दुर्गावती के 500वें जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके स्मारक निर्माण और 52 फीट ऊंची अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की है। उन्होंने छह राज्यों से आए जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए मंडला को वीर योद्धाओं की जन्मभूमि बताया। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। वन अधिकार कानून और पेसा एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन से समाज को लाभ मिल रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन राष्ट्रहित और समाजहित के लिए समर्पित रहा। उन्होंने पर्यावरण और जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य किए थे। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने युवाओं से वीरों और वीरांगनाओं की गाथाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर रानी दुर्गावती महिला संगठन गढ़ा मंडला की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, एएसपी शिवकुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *