उपखंड स्तरीय कोटा महोत्सव की शुरूआत बुधवार को रामगंजमंडी के गोवर्धनपुरा स्थित माताजी मंदिर प्रांगण में हुई। आयोजन में लोक कलाओं और सांस्कृतिक धरोहर का अद्भुत प्रदर्शन देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं कनवास में गुरुवार को कार्यक्रम होंगे। कोटा में 23 से 25 दिसंबर तक होने वाले आयोजनों के लिए तैयारियां चल रही हैं। बुधवार को कलेक्टर डॉ. रवींद्र गोस्वामी ने इनकी समीक्षा की। उपखंड अधिकारी नीता वसीटा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत नंदिनी शर्मा ने गणेश वंदना से की। इसके बाद रिंकु यादव ने सुरीली आवाज में एकल लोकगीत प्रस्तुत किया, जबकि एमवीवी स्कूल के विद्यार्थियों ने समूह लोकनृत्य की छटा बिखेरी। महोत्सव में ‘लोकल टैलेंट हंट’ के तहत स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियां दी। इसके अलावा, नॉर्थ ज़ोन कल्चरल सेंटर और त्रिनेत्र कथक एकेडमी के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का समापन नगरपालिका द्वारा आयोजित आतिशबाजी से हुआ। कलेक्टर बोले- यह जनता का आयोजन, सभी जुड़ेंे कलेक्टर डॉ. रविद्र गोस्वामी ने समीक्षा बैठक में कहा कि इस सांस्कृतिक उत्सव में अधिक से अधिक लोग शामिल हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने हैरिटेज वॉक, साफा-डे, फैशन-शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, चम्बल माता की आरती, आतिशबाजी आदि आयोजनों के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोटा महोत्सव में तीनों दिन ख्यातनाम कलाकारों मैथिली ठाकुर, रजत चौहान, विनिता चौहान, मोनिशा नायक की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, विरासत दर्शन, फिल्म, फैशन, कॅरियर, पेंटिंग, फोटो, उद्योग, हस्तशिल्प से जुड़े आयोजन तथा सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम होंगे। मोरूकलां में आज कथक आैर आतिशबाजी : कोटा महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को उपखंड कनवास के मौरूकलां पंचायत दरां मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 4 से 8 बजे तक होगा। उपखंड अधिकारी नेहा राठी ने बताया कि स्थानीय लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर के कलाकार भी विशेष प्रस्तुतियों के साथ शामिल होंगे। इसके अलावा, त्रिनेत्र कथक एकेडमी के कलाकार कथक नृत्य पेश करेंगे। कार्यक्रम के अंत में आतिशबाजी की जाएगी। उपखंड अधिकारी ने सभी नागरिकों से इस आयोजन में शामिल होकर स्थानीय कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की अपील की है। कोटा महोत्सव के उपखंड स्तरीय कार्यक्रमों की शुरुआत बुधवार को हुई। पहले दिन रामगंजमंडी में प्रस्तुति देते बच्चे।


