भास्कर न्यूज|रामगढ़ जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजन सिंह फौजी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित जोहार पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 122वीं कड़ी को सुना। कार्यक्रम में बूथ 46 के अध्यक्ष नीरज सिंह सहित महिला-पुरुष दर्जनों भाजपाइयों ने मन की बात कार्यक्रम को सुन। मन की बात सुनने के दौरान सभी सेना के शौर्य के सम्मान में तिरंगा हाथ में थामे थे। जिला उपाध्यक्ष रंजन फौजी ने बताया कि आज की कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत का संकल्प आतंकवाद को खत्म करना है। आपरेशन सिंदूर बदलते भारत की तस्वीर है। सेना के पराक्रम पर देश को गर्व है। सेना के शौर्य से हर हिंदुस्तानियों का सर ऊंचा हुआ है। मन की बात में अपने विचार को साझा करते हुए उन्होंने उग्रवाद, खेलों इंडिया योग दिवस के साथ साथ स्कूलों में सुगर बोर्ड को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए कहा कि इससे कि बच्चों में शुगर को लेकर जागरूकता आएगी। योग दिवस पर सभी को योग से जुड़ने को कहा। जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रंजन सिंह फौजी ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम बहुत ही प्रेरणा देती है। आज के मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर, खेलों इंडिया, योगदिवस लोकल फॉर वोकल शुगर बोर्ड सहित कई महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वहीं युवाओं और महिलाओं के नवाचार और आत्मनिर्भर बन रहे भारत में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। बूथ अध्यक्ष नीरज सिंह, राजेंद्र राय, जवाहर राय, कुंदन सिंह, हीरा देवी, अनीता सिंह, पूजा कुमारी, निशा कुमारी, सुषमा कुमारी, पम्मी कुमारी पार्क में घूमने आए, बच्चे महिलाएं और युवकों की टोली के अलावे दर्जनों भाजपा नेताओं ने मन की बात कार्यक्रम को सुना। चितरपुर | झारखंड एथलेटिक्स संघ व बोकारो जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 25 मई से 26 मई तक बोकारो के चंदनक्यारी सिंथेटिक ट्रैक पर आयोजित दो दिवसीय 14वीं झारखंड राज्य ओपेन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पहले दिन रामगढ़ जिला एथलेटिक्स टीम ने 4 मेडल जीत कर रामगढ़ का मान बढ़ाया है। यह जानकारी एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सीडी सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में रामगढ़ जिला के 15 सदस्यों ने भाग लिया है। जिसमे पहले दिन रामगढ़ के एथलीट छोटेलाल ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण और पूजा कुमारी ने शॉट पुट में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वही ऊंची कूद में सुमन कुमारी ने द्वितीय, 10000 मीटर दौड़ में निखिल कुमार ने द्वितीय हासिल किया। खिलाड़ियों इस उपलब्धि पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक सुनीता चौधरी, जीप अध्यक्ष सुधा देवी, भुचुंगडीह मुखिया सुनीता देवी, डीएवी के प्राचार्य एस के शर्मा, एपेक्स विद्यालय के निदेशक भगीरथ महतो, पीसी राम, धर्म नाथ महतो, चंद्र शेखर राम करमाली, गोपाल राम, राकेश मिश्रा, सहित कई ने बधाई व शुभकामनाएं दी है। रामगढ़ | अखंड सौभाग्य के लिए वट सावित्री की पूजा को लेकर सुहागिन तैयारी कर ली है। 26 मई सोमवार को ज्येष्ठ माह की सोमवती अमावस्या में वट सावित्री पूजा की होगी। रविवार को इस पूजा को लेकर सुहागिन महिलाओं ने नहाय-खाय की विधि की,और वट सावित्री पूजा करने को लेकर वट यानी बरगद के पेड़ के नीचे पान के पत्ते में सुपारी रखकर धूप-दीप जलाकर भगवान को पूजा के लिए आमंत्रित की। 26 मई की अहले सुबह से महिलाएं अखंड सौभाग्य के लिए वट सावित्री की पूजा करेंगी। वट सावित्री व्रत रखने और भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी जी की विधि विधान से पूजन करने से अखंड सौभाग्य,सुखी वैवाहिक जीवन और पति की लंबी आयु(दीर्घायु) की प्राप्ति का वरदान मिलता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं सावित्री,सत्यवान और वट वृक्ष यानी बरगद पेड़ की पूजा करती हैं, और सावित्री की कथा सुनती हैं। इधर,रामगढ़ बाजार में पूजन सामाग्री बिक रही है और महिलाओं ने पूजन सामाग्री के साथ फल,पंखा व अन्य सामान की खरीदारी की।


