सेवा पखवाड़े के तहत विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शनिवार को पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के तत्वावधान में रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के स्मृति कुंज में श्रमदान का आयोजन किया गया। शहरवासियों ने मिलकर तीन ट्रॉली कचरा निकालकर स्मृति कुंज को स्वच्छ और सुंदर बनाया। इस श्रमदान अभियान में नगर परिषद आयुक्त धर्मेंद्र मीना ने अपनी टीम के साथ जैतसागर गेट से स्मृति कुंज तक सफाई की। सहायक वन संरक्षक नवीन नारायण और वन कर्मियों ने भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाई। पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी, संग्रहालय सहायक जगदीश वर्मा, रामेष्ट युवा मंडल संस्थान अध्यक्ष शिखर पंचोली, सोनू कुमार सैनी, भूपेंद्र योगी, नारायण मण्डोवरा, पुरुषोत्तम पारीक सहित सुबह भ्रमण पर आने वाले आमजन ने प्लास्टिक की थैलियों और गीले कचरे को हटाकर क्षेत्र को साफ किया। इसी कड़ी में सुखमहल में पुरातत्व विभाग द्वारा लगाई गई चित्र और फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा और महेश क्रेडिट सोसायटी के अध्यक्ष संजय लाठी ने इसका शुभारंभ किया। वृत्त अधीक्षक हेमेंद्र अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रदर्शनी में बूंदी के कलाकारों द्वारा बनाए गए सुखमहल, चौरासी खंभों की छतरी, शिकार बुर्ज, नायिकाओं और सहरिया के चित्र प्रदर्शित किए गए। ड्रोन से लिए गए बूंदी के मनोरम पैनोरमा फोटो, जिसमें ‘छोटी काशी’ का एक फ्रेम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर अतिथियों ने सभी से पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यटन स्थलों से ही बूंदी की पहचान है और इन्हें सहेजने की आवश्यकता है। अतिथियों ने स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि साफ-सफाई से ही पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। जिसका सभी को लाभ मिलेगा। स्कूली छात्रों के लिए प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम रखा गया, जिसमें इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच ने पर्यटन स्थलों व बूंदी के इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। लोक कलाकारों ने बूंदी का दरवाजा में मण्ड रही मोरनी लोक गीत पर कच्छी घोड़ी नृत्य के माध्यम से प्रस्तुति दी। छात्रों को म्यूजियम का भ्रमण कराया गया व पुरा अन्वेषक ओमप्रकाश शर्मा ने मूर्तियों के बारे में जानकारी दी। अथितियों को पर्यटन विभाग की ओर से प्रेमशंकर सैनी, जगदीश वर्मा ने स्मृति चिन्ह प्रदान किये। इस दौरान अशोक तलवास, नंदप्रकाश शर्मा,राजेन्द्र भारद्वाज, महेंद्र शर्मा व केसी वर्मा मौजूद रहेंI


