रामनवमी के अवसर पर रामगंज चौपड़ पर भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, शहर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल, भाजपा नेता चंद्रमनोहर बटवाड़ा, महापौर कुसुम यादव, पूर्व पार्षद एवं चेयरमैन अजय यादव और अमरनाथ महाराज ने शोभायात्रा में शामिल राम भक्तों का माला पहनाकर, साफा बांधकर और आरती उतारकर स्वागत किया। पूर्व पार्षद अजय यादव ने बताया कि शोभायात्रा में शामिल भक्तों में जबरदस्त जोश और उल्लास देखने को मिला। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, जानकी और हनुमान की झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। बैंड-बाजे, ढोल, मंजीरों की धुनों पर भगवा वस्त्र पहने युवा हाथों में झंडा लिए जय श्रीराम के नारों के साथ झूमते-गाते चल रहे थे। महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा शोभायात्रा में महिला शक्ति की भागीदारी भी खास रही। कई महिलाओं ने परिवार के साथ शोभायात्रा में हिस्सा लिया। भक्तों को जगह-जगह पर आइसक्रीम और बिस्किट वितरित किए गए। आयोजकों ने ठंडे पानी और अन्य सुविधाओं की भी व्यवस्था की थी। इस मौके पर पार्षद रजत विश्नोई, पूर्व जिला अध्यक्ष संजय जैन, भाजपा महिला शहर अध्यक्ष अनुराधा महेश्वरी, प्रभात शर्मा, उमेश शर्मा, नरेश शर्मा, हनुमान सैनी, पिंकू शर्मा, विष्णु मीणा, मनीष बिवाल, अक्षय यादव, पवन टिक्कीवाल, संजय सैनी, योगेश सोनी, पीयूष अग्रवाल, राकेश शर्मा, अभय यादव और लक्षित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


