कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामपुरा में शनिवार अल सुबह एक किराना और जनरल स्टोर की दुकान तथा अनाज गोदाम में आग लग गई। इस अग्निकांड में 50 लाख रुपए से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। प्रागपुरा थाना अधिकारी भजना राम ने बताया कि दुकान मालिक हरिप्रसाद पुत्र खेताराम अग्रवाल की ग्राम रामपुरा में किराना जनरल स्टोर की दुकान है, जिसके पास ही अनाज का गोदाम भी है। हरिप्रसाद शुक्रवार रात 8 बजे दुकान बंद करके गए थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने दुकान से तेज धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दुकान खोलने पर अंदर सारा सामान धू-धू कर जल रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निकांड में लगभग 50 लाख रुपए से अधिक का अनाज, किराना और जनरल का सामान पूरी तरह जल गया।


