भास्कर न्यूज | रामानुजगंज रामानुजगंज रविवार को गुंजन साहित्य संघ की ओर से वर्चुअल मंच पर लघुकथा वाचन और कविता पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से जुड़े साहित्यकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई, जिससे मंच साहित्यिक गूंज से मुखर हो उठा। शुभारंभ डॉ. कृष्णा बाबू द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर संघ की अध्यक्षा डॉ. दीपा गुप्ता व अन्य सदस्यों ने सामूहिक शिव भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साहित्यिक सत्र में नार्वे से सुरेश चंद्र शुक्ल ने अपनी हृदयस्पर्शी लघुकथा रिश्तों की भीख का वाचन किया। अमेरिका से डॉ. वीणा विज ने बाल मन की अभिव्यक्ति करती लघुकथा निराली सजा प्रस्तुत की। चंडीगढ़ से वीरेंद्र राय ने चांद के दाग कविता से श्रोताओं को भावविभोर किया। बिहार कटिहार से गिरधर कुमार ने बाह्य सागारिका लघुकथा में त्रिकोणीय प्रेम का यथार्थ चित्रण किया। डॉ. अजय कुमार की वसुधैव कुटुम्बकम लघुकथा ने वैश्विक एकता का संदेश दिया। दिल्ली से डॉ. खुर्रम नूर की गजल और डॉ. हरनेक गिल की कविता सांप ने मानवीय भावनाओं को सशक्त रूप में पेश किया। बलरामपुर, विशाखापट्टनम, कनाडा सहित अन्य स्थानों से भी प्रतिभागियों ने लघुकथा, कविता और संस्मरण साझा किए। डॉ. दीपा गुप्ता के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम का समापन शिशुपाल गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


