भास्कर न्यूज | रामानुजनगर सूरजपुर जिले के रामानुजनगर में एकता परिषद तिल्दा नेवरा रायपुर की ओर से 15 से 17 सितंबर तक ग्राम सभा व वनाधिकार जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ एसडीएम अजय मोडियम और जप सीईओ संजय राय की उपस्थिति में जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान हुआ। अभियान में संस्था के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने ग्रामसभा की भूमिका, वनाधिकार और संगठन की सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रद्धा कश्यप ने महिलाओं की ग्रामसभा में भागीदारी और आजीविका सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और युवाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर सशक्त बनाकर गांव के विकास को गति दी जा सकती है। इस अभियान के तहत 47 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को आजीविका, महिला अधिकार और ग्राम संगठन की मजबूती पर जागरूक किया गया। रायपुर से आए अभियान नेतृत्वकर्ता मीना वर्मा और धर्मेंद्र पुरी ने नशा मुक्त समाज बनाने और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करने पर भी बल दिया ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। अभियान में जिला संयोजिका बसंती यादव, जिला काउंसिल अध्यक्ष सूरजबली सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गनपत सिंह, सचिव बलदेव सिंह सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा नंदिनी सिंह, नगेशिया बाई, मुन्नी बाई, शांति बाई, जानकी बाई, लक्ष्मी, चंद्रदीप दुबे, भईया लाल सिंह, दयाराम, मनोहर सिंह, आशीष , कैलाश, हवलसाय, चैन सिंह समेत अन्य ने भी अभियान में भाग लिया। ग्रामसभा में उपस्थित मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण।


