शहर का पॉश इलाका मॉडल टाउन में रविवार को पूरी तरह कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अवसर था निमाई पाठशाला द्वारा आयोजित भव्य हरिनाम संकीर्तन का, जिसमें श्रद्धा और उल्लास का ऐसा संगम दिखा कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। मसंद चौक स्थित कार्यक्रम स्थल पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां हवाओं में सिर्फ हरि बोल और राधे-राधे की गूंज सुनाई दे रही थी। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था की संस्थापक रेणुका पुंडरीक गोस्वामी के आगमन के साथ हुई। जैसे ही वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं, समूचा परिसर जय श्री राधे के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धा भाव से भरे राधा-कृष्ण भक्तों ने पुष्प वर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान वातावरण इतना भक्तिमय था कि हर श्रद्धालु की आंखें अपने गुरु और इष्ट के प्रति प्रेम से नम दिखीं। संकीर्तन के दौरान जब प्रसिद्ध भजन राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी… की धुन बजी, तो पंडाल में बैठा हर भक्त झूमने पर मजबूर हो गया। क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग- सभी ने नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। महामंत्र जाप और हरि बोल के संकीर्तन ने माहौल में एक अलौकिक ऊर्जा भर दी। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था, मानो साक्षात गोकुल मॉडल टाउन के मसंद चौक में उतर आया हो।


