भास्कर न्यूज | रामानुजगंज नगर में चैत्र मास की छठ पूजा की धूम है। सूर्य उपासना का यह पर्व राम मंदिर घाट के कन्हर नदी तट पर प्रमुख रूप से मनाया जा रहा है। घाट की रौनक देखते ही बन रही है। चार दिन चलने वाले इस पर्व को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है। आज छठ की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने पार्षदों के साथ मिलकर घाट की सफाई कराई। छठ व्रतियों की सुविधा के लिए अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए। पार्षद मुकेश जायसवाल, सुरेश पूरी, सुमित गुप्ता, अर्जुन दास, विजय रावत, अनूप कश्यप, अंकित गुप्ता सहित नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधीर कुमार, वरिष्ठ कर्मचारी अजय गुप्ता, छठु गुप्ता, प्रवीण पासवान और अन्य कर्मचारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। पंचांग के अनुसार, चैती छठ की शुरुआत चैत शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है। 1 अप्रैल को नहाए-खाए के साथ पर्व की शुरुआत हुई। बुधवार को खरना रखा गया। गुरुवार को ढलते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। शुक्रवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर पर्व का समापन होगा। राम मंदिर घाट पर बेहतर व्यवस्था के कारण दूर-दराज से भी लोग यहां छठ मनाने आते हैं। आज महाआरती की जाएगी इधर, चैत्र नवरात्र के षष्ठी तिथि गुरुवार को श्रीराम मंदिर में महाआरती का आयोजन होगा। रामनवमी महोत्सव आयोजन समिति द्वारा की जा रही है। इस आरती में सैकड़ों की संख्या में नगरवासी शामिल होंगे। सभी भक्तों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने घर से फलाहार प्रसाद और एक दीपक लेकर आएं।


