भास्कर न्यूज| चाईबासा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण व प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर चाईबासा शहर के जेएमपी चौक स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर को भव्य तरीके से प्राकृतिक व कृत्रिम फूलों व रंग-बिरंगी लाइट से सजाया गया था। प्रातःकाल सर्वप्रथम हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने बालाजी के दर्शन कर स्वयं एवं अपने परिवार के लिए आशीर्वाद लिया। उसके बाद भंडारे का भोग भगवान पर चढ़ाया गया। श्रद्धालुओं के मध्य प्रसाद वितरण हेतु ओवरब्रिज के नीचे टेंट व कुर्सियां लगाई गई थी। श्रद्धालुओं के भीड़ को देखते हुए प्रसाद वितरण हेतु करीब चार स्टॉल लगाए गए थे। प्रसाद वितरण की व्यवस्था पुरुष व महिला वॉलिंटियरों ने संभाल रखी थी। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस भंडारे के आयोजन के लिए मंदिर प्रबंधन समिति के लोग विगत कई दिनों से जोर-शोर से तैयारी में लगे हुए थे। शहर के नामचीन लोग, बुद्धिजीवी वर्ग, विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग व शहर के विभिन्न हिस्सों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के भी श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। काफी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम में मंदिर व आसपास के इलाकों में सैकड़ों की संख्या में दीप प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


