श्रीगंगानगर| श्री अरोड़वंश सनातन धर्म मंदिर (ट्रस्ट) की ओर से नववर्ष 2026 के स्वागत और श्री रघुनाथ मंदिर (अरोडवंश मंदिर) में श्री राम मंदिर स्थापना की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राण-प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन अवसर पर सुबह मंदिर परिसर में संकीर्तन, भजन और प्रवचनों की शृंखला आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ट्रस्ट अध्यक्ष अंकुर मगलानी और सचिव नीरज चावला ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन धर्म की परंपराओं को सुदृढ़ करना और नई पीढ़ी को धार्मिक संस्कारों से जोड़ना है। आयोजन में अयोध्या से पधारे प्रख्यात संत आशुतोष महाराज ने राम कथा और भक्ति के महत्व पर प्रवचन देते हुए कहा कि राम-नाम का संकीर्तन मन को शांति और जीवन को सही दिशा देता है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधा नाम संकीर्तन मंडल, हनुमानगढ़ की संगीतमय प्रस्तुति रही। पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुत राम भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, फूलों से सजावट और प्रभु श्रीराम की आरती की गई। कार्यक्रम में ट्रस्ट पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।


