छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के दो बच्चों का नाम राज्य वीरता पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किया गया था। जहां शासन द्वारा इसे स्वीकृति देने के बाद अब दोनों वीर बालकों का 26 जनवरी को राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राज्य वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही दोनों को 25 हजार रुपए की राशि, प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान किया जाएगा। घटना 24 सितंबर की है। पंडरीपानी प्राथमिक स्कूल के पास बारिश के कारण बालसमुंद नाले में पानी भर गया था। इस दौरान खेलते-खेलते 5 वर्षीय दादू मिंज नाले में गिर गया और बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद राकेश मिंज और आर्यन खेस ने यह देखा और तुरंत नाले में कूदकर उसे बाहर निकाल लिया। दोनों बच्चों ने दादू को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई थी।
कलेक्टर ने भी किया था सम्मान
नवबंर माह में महिला और बाल विकास विभाग के अधिकारी और स्कूल के प्रधान पाठक दोनों बच्चों को कलेक्टर से मुलाकात कराने लेकर पहुंचे थे। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने उनसे भेंट कर उनकी बहादुरी की सराहना की थी। साथ ही कलेक्टर ने दोनों बच्चों के नाम राज्य वीरता पुरस्कार के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए। जिसे स्वीकृति मिलने के बाद अब राज्य वीरता पुरस्कार से उन्हें सम्मानित किया जाएगा।


