छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई है। गुरूवार की सुबह युवक बाईक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। तभी अज्ञात वाहन के चालक ने बाईक सवारों को जबरदस्त टक्कर मार दिया। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात करीब 8 बजे नेतनागर का रहने वाला प्रेम बसोड़ उर्फ हितेश 18 साल गांव के अपने दोस्त निर्मल उर्फ निखिल साव के साथ बाईक पर सवार होकर भाठनपाली गया था। प्रेम गांव के किसी ग्रामीण से बाईक मांगा था। दोनों दोस्त भाठनवाली में भजन कीर्तन सूनने के लिए गए थे। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे दोनों बाईक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। तभी NH रोड पर भाठनपाली व नेतनागर के बीच अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दिया। मौके पर दोनों युवकों की मौत
इससे एक युवक बाईक से दूर फेंका गया और दूसरा बाईक पर ही दब गया। घटना से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही बाईक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना के बाद जब मामले की जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो आसपास के ग्रामीण काफी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। तब जूटमिल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाईश देने लगे। जहां तत्काल सहायता राशि देने के बाद ग्रामीणों ने अपना चक्काजाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया।
मौके से फरार हुआ आरोपी
इस संबंध में जूटमिल थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि घटना को अंजाम देकर अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया है। उसकी पतासाजी की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। रात में चक्काजाम के बाद पीड़ित परिवार को 25 हजार रूपए आर्थिक सहायता राशि दी गई है। मामले में पुलिस आगे की जांच पड़ताल कर रही है।


