रायगढ़ में कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन:बिजली विभाग का पुतला फूंका, बिल हाफ योजना बंद करने को लेकर जताया विरोध

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में कांग्रेसियों ने बिजली विभाग के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश भर में वर्तमान सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना को बंद किए जाने को लेकर यह आंदोलन था। ऐसे में बिजली विभाग का पुतला दहन भी किया गया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए। गुरूवार की दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी से काफी संख्या में कांग्रेसी रैली निकालकर बिजली विभाग पहुंचे। यहां पहले से पुलिस तैनात थी और बिजली दफ्तर के मेन गेट को बंद कर दिया गया था। ऐसे में कांग्रेसियों ने विभाग के सामने ही नारे लगाने शुरू कर दिए और सड़क पर बैठकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं बिजली विभाग का पुतला दहन भी किया। कांग्रेसियों का कहना था कि साय सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना को बंद किए जाना यह जनता के ऊपर अत्याचार है। प्रदेश सरकार ने मात्र 100 यूनिट के भीतर की खपत वाले का ही बिजली बिल हाफ करने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के अधिक संख्या में उपभोक्ता बिजली बिल हाफ योजना से वंचित हो गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान निर्देश के अनुसार 100 यूनिट से अधिक खपत होने पर बिजली बिल पूरा लगेगा तथा 100 यूनिट का छूट भी नहीं मिलेगा। इस दौरान कांग्रेसियों ने बिजली विभाग के ईई को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और भाजपा के जनविरोधी बिजली बिल निति को रोक लगाते हुए जनता राहत दिलाने की मांग की है। लोगों को मिलता था लाभ
कांग्रेसियों का कहना था कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब 5 सालों तक विपरीत परिस्थितियों में भी बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना शुरू किया था। जिसका लाभ प्रदेश के 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मिलता था। जिसे 5 साल में लगभग प्रत्येक उपभोक्ता का 40 से 50 हजार रुपए तक की बचत हुई।
कांग्रेस जनता को लाभ दिलाने का काम करते रही
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 100 यूनिट तक बिजली बिल आधा करने का निर्णय लिया है। इसमें भी अगर 101 यूनिट होता है तो पूरे यूनिट का चार्ज लिया जाएगा। इससे पहले कांग्रेस सरकार ने 400 यूनिट बिजली बिल फ्री करने का निर्णय लिया था और विषम परिस्थिति में छत्तीसगढ़ की जनता को लाभ दिलाने का काम करते रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का कोयला, पानी और जमीन है यहीं बिजली उत्पादन होता है। उसे भाजपा सरकार बाहर प्रदेश को बेच रही है और छत्तीसगढ़ की जनता महंगा बिजली बिल ले यह शर्म की बात है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *